हरदोई। देहात कोतवाली क्षेत्र में नीर गांव के पास दो बाइकों की भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई। सास और साला घायल हो गए।
देहात कोतवाली क्षेत्र के बुड़ैया निवासी रमेश (35) के साथ उसकी सास राजकुमारी और साला महेश रहतीं हैं। उसकी ससुराल पिहानी कोतवाली क्षेत्र के राभा गांव में है। शनिवार को रमेश अपनी सास राजकुमारी और साले महेश को लेकर पिहानी कोतवाली क्षेत्र के वाजिद नगर स्थित बैंक में गए थे। बैंक से रुपये निकालकर तीनों बाइक से लौट रहे थे। देहात कोतवाली क्षेत्र में नीर गांव के पास विपरीत दिशा से आ रही बाइक ने रमेश की बाइक में टक्कर मार दी। घटना में रमेश गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि सास और साले को मामूली चोटें आईं। परिजन रमेश को एक निजी चिकित्सक के पास ले गए। चिकित्सक ने हालत गंभीर बताते हुए लखनऊ रेफर कर दिया। शनिवार की देर रात ही उसे लखनऊ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां रविवार सुबह उसकी मौत हो गई। उसके परिवार में पत्नी गुड्डी, दो पुत्र और चार पुत्रियां हैं। प्रभारी निरीक्षक अनिल सैनी ने बताया कि फौती सूचना पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।