संडीला। औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक फैक्टरी के बाहर श्रमिकों ने सोमवार को हंगामा करते हुए कार्य बहिष्कार कर दिया। श्रमिकों ने वेतन बढ़ाने और ओवर टाइम का भुगतान करने, गैरहाजिरी में भी वेतन दिए जाने की मांग की। जानकारी पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नारायणी भाटिया, सीओ संतोष सिंह, सहायक श्रमायुक्त सत्यवीर सिंह आदि मौके पर पहुंच गए। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने बताया कि करीब 50 लोग कार्य बहिष्कार पर थे, श्रमिकों की मांग पूरी करने के लिए फैक्टरी प्रशासन से बात की गई है। फैक्टरी की तरफ से बताया गया कि छमाही वेतनवृद्धि एक अप्रैल से लागू हो चुकी है। इसका भुगतान अप्रैल के वेतन के साथ मई में किया जाएगा। सीओ संतोष सिंह ने बताया कि श्रमिकों को पूरी जानकारी दे दी गई है और वह लोग संतुष्ट भी हैं।