गोपामऊ। टड़ियावां थाना क्षेत्र के बाजारपुरवा मजरा अलीशाबाद में महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मकान अंदर बरामदे में छत के कुंडे से साड़ी के फंदे पर शव लटकता मिला। सूचना पाकर मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर दहेज के लालच में हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया है।पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
थाना क्षेत्र के सैंती गांव निवासी जगदीश ने दो वर्ष पहले पुत्री मंजू (20) की शादी थाना क्षेत्र के बाजारपुरवा मजरा अलीशाबाद निवासी प्रदीप के साथ की थी। शादी के बाद कुछ महीने तक सब ठीक रहा, लेकिन उसके बाद मंजू के पति व सास ससुर ने दहेज में ई-रिक्शा व भैंस की मांग की। इस पर उन्होंने मांग पूरी करने से मना कर दिया। इसी बात से खफा होकर मंजू को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था। आरोप है कि मंगलवार की रात में मंजू की हत्या करने के बाद शव को घर के अंदर लटका दिया है। थानाध्यक्ष अशोक सिंह ने बताया पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।