हरदोई। कछौना कोतवाली क्षेत्र के आटसांट गांव निवासी विवाहिता ने संदिग्ध हालात में जहरीला पदार्थ खा लिया। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल लाया गया। यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पंचनामा भरे जाने के दौरान मृतका के भाई ने हंगामा किया, तो पुलिस ने उसे सख्त हिदायत दी।
आंटसांट निवासी कुलदीप की शादी 15 साल पहले पिंकी (35) से हुई थी। सोमवार शाम पिंकी ने संदिग्ध हालात में गांव में ही जहरीला पदार्थ खा लिया। परिजन उसे लेकर बालामऊ में एक प्राइवेट अस्पताल गए। यहां चिकित्सक ने हालत गंभीर बताकर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान कुछ देर बाद ही उसकी मौत हो गई।
मंगलवार को अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पुलिस पंचनामा भर रही थी। इसी दौरान मृतका का भाई उन्नाव जनपद के बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के भिखरीपुरवा निवासी कपिल बहन के ससुरालीजनों को गाली गलौज करने लगा और ईंट उठा ली। इस पर पुलिस ने उसे समझाया, लेकिन न मानने पर सख्ती से चेतावनी दी। कोतवाल संजय पांडेय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।