हरदोई। 13 मई को होने वाले मतदान में सहभागिता कराने का ट्रांसजेंडर ने संकल्प लिया। मांगलिक कार्यों में घर-घर बधाई के साथ ही मतदान के लिए प्रति लोगों को प्रेरित करेंगे। स्वयं मतदान करने के बाद अन्य लोगों को भी मतदान के लिए केंद्र तक जाने के लिए कहेंगे।
लोकसभा चुनाव में मतदान के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए स्वीप गतिविधियों में शुक्रवार को ट्रांसजेंडरों ने मतदाता जागरूकता रैली निकाली। नगर पालिका परिषद सभागार में मतदाता शपथ ली। जिला निर्वाचन अधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने कहा कि किन्नर समाज का मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में शामिल होना भी शुभ संकेत है। सभी लोग अधिक से अधिक मतदान कर हरदोई को शीर्ष जनपदों में पहुंचाने का काम करेंगे।
एसपी केसी गोस्वामी ने कहा कि किन्नर लोकतांत्रिक दायित्वों को निभाएं। सीडीओ सौम्या गुरूरानी ने कहा कि किन्नर समाज का एक अंग हैं और मतदाता जागरूकता में अपनी भूमिका निभाएं। स्वयं मतदान करें और अन्य लोगों को भी मतदान के लिए जागरूक करें। उन्होंने आयोग के विभिन्न एप की जानकारी दी।
उपनिदेशक कृषि डॉ. नंदकिशोर ने कहा कि अधिक से अधिक से मतदान से लोकतंत्र मजबूत होता है और आमजन की भागीदारी बढ़ती है। मतदान दिवस पर आलस कतई न करें। जिला समाज कल्याण अधिकारी रमाकांत, अधिशासी अधिकारी विनोद कुमार सोलंकी, सर्वोदय आश्रम से कुसुम जौहरी के साथ ही काजल, विनीता, बिजली, काजल, चांदनी, पायल, अनीता, माया, गंगा, रानी, मोनी, शेषा, आयुष व फुल्लन आदि किन्नर मौजूद रहे।