संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। मिशन शक्ति को लेकर दावे तो बड़े-बड़े किए जाते हैं, लेकिन इन दावों की पोल शुक्रवार की एक घटना से खुल गई। एक शख्स ने देहात कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि शोहदा छात्रा को परेशान कर रहा है। पुलिस ने इस पर कोई कार्रवाई नहीं की। शुक्रवार सुबह छात्रा के पिता ने शोहदे को पकड़ लिया। हंगामे की सूचना पहुंची पुलिस ने शोहदे को हिरासत में ले लिया। इधर शहर में हंगामे की सूचना पर देहात कोतवाली में पुरानी तहरीर पर ही एफआईआर दर्ज कर ली गई।
देहात कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत एक मोहल्ला निवासी युवती शहर के एक डिग्री कालेज में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा है। वह साइकिल से कॉलेज आती -जाती है। कॉलेज के समय पिछले कुछ दिनों से एक युवक उसे परेशान कर रहा था। उसे रोककर चेहरा दिखाने और मोबाइल नंबर देने को कहता था। इसकी शिकायत छात्रा ने अपने परिजनों से की। छात्रा के पिता ने देहात कोतवाली में पूरे मामले को लेकर तहरीर दी।
तहरीर देने के दौरान पुलिस का रवैया देखकर छात्रा का पिता खासा आहत हो गया। शुक्रवार को दिन में युवती अपने कॉलेज जा रही थी। शहर में जिला चिकित्सालय के पास फिर से वही युवक छात्रा को परेशान करने लगा। छात्रा के पीछे उसका पिता भी आ रहा था। उसने मौके पर ही युवक काे पकड़ लिया। हंगामा होते देख मौके पर भीड़ लग गई। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया।
आरोपी आफताब निवासी महोलिया शिवपार के खिलाफ छात्रा से छेड़छाड़ का मामला देहात कोतवाली में दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
इनसेट
पुलिस कह रही थी आरोपी की फोटो लाओ
युवती के पिता से जब घटना के बारे में पूछा गया तो उनका गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने बताया कि देहात कोतवाली में आरोपी युवक के बारे में तहरीर दी थी। इस पर वहां मौजूद पुलिस कर्मियों ने कहा था कि आरोपी की फोटो लाओ। इस पर युवती के पिता ने जवाब दिया था कि हमारे पास फोटो नहीं है। हम कहां से लाएं। पुलिस का यह रुख देखकर उसे लगा कि खुद ही सुरक्षा करनी पड़ेगी। इसके बाद आरोपी को रास्ते में पकड़ लिया।