हरदोई। एसओजी, सर्विलांस और शहर कोतवाली की संयुक्त टीम ने अंतरजनपदीय वाहन चोर गैंग पकड़ा है। चार शातिरों के पास से चोरी की डीसीएम और नकदी बरामद की है। आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
एसपी राजेश द्विवेदी ने शुक्रवार को पुलिस लाइन सभागार में बताया कि छह अगस्त को लखनऊ मार्ग स्थित नवीन सब्जी मंडी के पास धर्मकांटा पर खड़ी डीसीएम चोरी हो गई थी। वाहन मालिक प्रकाश चंद्र पांडेय ने 11 अगस्त को शहर कोतवाली में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। एसओजी, सर्विलांस और शहर कोतवाली पुलिस मामले की जांच में लगी थी।
शुक्रवार सुबह टीम को सूचना मिली कि वाहन चोर बावन मार्ग पर पॉलिटेक्निक के पास खड़े हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से एक लाख 27 हजार रुपये और डीसीएम बरामद हुई है। आरोपियों ने अपना नाम शाहजहांपुर के पुत्तूलाल चौराहा निवासी अनीस, काजीपुर थाना सिंधौली निवासी कामिल, हाथरस के सादाबाद के व्यापारी मोहल्ला निवासी सादाब और आगरा के फतेहपुर सीकरी निवासी मुनीम बताया है।
अनीस और कामिल ने बताया कि उन्होंने चोरी के वाहन के पुर्जों को सादाब और मुनीम को बेच दिया था। रुपये लेने के लिए दोनों आए थे। एसपी ने बताया कि सभी की आपराधिक कुंडली खंगाली जा रही है। खुलासा करने वाली टीम में शहर कोतवाल संजय पांडेय, एसओजी प्रभारी बृजेश मिश्रा, एसआई संतोष शुक्ला, स्वॉट टीम प्रभारी प्रेम सागर सिंह, राकेश प्रसाद शुक्ला, कांस्टेबल मोहम्मद कलीम, सर्विलांस के इरफान और रामकृष्ण आदि शामिल रहे।
लखीमपुर, शाहजहांपुर और आगरा से ट्रक कर चुके चोरी
अनीस और कामिल शातिर वाहन चोर हैं। आरोपी इससे पहले लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर और आगरा से वाहन चोरी कर बेच चुके हैं। हाल ही में आगरा से ट्रक चोरी किया था। स्थानीय पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर फतेहपुर सीकरी गोदाम से ट्रक के पुर्जे बरामद किए थे।