संडीला (हरदोई)। आमदनी बढ़ जाने का झांसा देकर सभा के दौरान लोगों का धर्म परिवर्तन कराए जाने की जानकारी पर क्षेत्रीय सभासद मौके पर पहुंच गए। सभासद ने धर्म परिवर्तन कराए जाने की जानकारी पुलिस को दी, तो पुलिस भी मौके पर पहुंची। सभासद की तहरीर पर धर्म परिवर्तन कराने वाले शख्स के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। प्राथमिक जांच में पिछले कुछ माह से यहां चोरी छुपे अनुसूचित जाति के लोगों को बरगलाकर धर्म परिवर्तन कराए जाने की बात सामने आई है।
संडीला कस्बे के मोहल्ला माकूम कुआं निवासी और नगर पालिका के सभासद बबलू ने बताया बेनीगंज मार्ग पर मोहल्ला भुईयनबाग है। इसी मोहल्ले के नरेश कुमार इलाके के अनुसूचित जाति के लोगों को बुलाकर आए दिन सभा और चौपाल लगाता था । इसमें एक धर्म विशेष का प्रचार कर लोगों का धर्म परिवर्तन कराता था। धर्म परिवर्तन होने पर कमाई अच्छी होने की बात भी कहता था। रविवार रात भी ऐसी ही एक सभा चल रही थी, जिसमें बबलू पहुंच गया और पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई शुरू करदी। कोतवाल विजेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर नरेश कुमार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पता चला है कि कई माह से नरेश इस तरह की सभाओं का आयोजन कर रहा था। जल्द ही आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।