हरदोई। यू-डायस प्लस डाटा फीड न करने पर 335 स्कूलों का संचालन बंदकर यू-डायस कोड निरस्त करने की चेतावनी दी गई है। इसके साथ ही दो दिन के अंदर कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।
यू-डायस प्लस के तहत कक्षा एक से 12 तक के सभी विद्यालयों के बच्चों का डाटा ऑनलाइन फीड किया जाना है। इसमें माध्यमिक, बेसिक, मदरसा बोर्ड आदि के सारे विद्यालय शामिल हैं। विद्यालयों को डॉट फीड करने के निर्देश दिए गए थे। निर्धारित तिथि बीत जाने के बाद अभी तक इन विद्यालयों ने बच्चों का डाटा फीड करना शुरू नहीं किया है।
इनमें माध्यमिक के 69, मदरसा बोर्ड के 16 और बेसिक शिक्षा विभाग से मान्यता प्राप्त 259 विद्यालय शामिल हैं। विद्यालयों की ओर से डाटा इंट्री शुरू न करने पर बीएसए डॉ. विनीता की ओर से सभी विद्यालयों को पत्र जारी कर चेतावनी दी गई है कि अगर 20 मई तक विवरण अपलोड करना नहीं शुरू किया गया, तो विद्यालयों का संचालन बंद होना मान लिया जाएगा। विद्यालय के यू-डायस कोड को बंद व निरस्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।