हरदोई। देहात क्षेत्र की रहने वाली रामरती का घर में फिसलने से पैर टूट गया था। उनके पैर का ऑपरेशन होना है। वह कई बार वह डॉक्टर को दिखा चुकी हैं, मगर कभी ओटी में नंबर नहीं लगता है, तो कभी चिकित्सक के नहीं आने से उनके पैर का ऑपरेशन 25 दिन नहीं हो पा रहा है।
यह तो केवल बानगी भर है। जिला अस्पताल में ऑपरेशन के लिए एक ही ओटी है। इसके चलते विभिन्न ऑपरेशन के लिए दर्जनों मरीजों को अपना नंबर आने के लिए कई दिनों का इंतजार करना पड़ता है।
जिला अस्पताल में प्रतिदिन विभिन्न मर्ज के मरीज पहुंचते है। इनमें से कई मरीजों को ऑपरेशन की जरूरत होती है। यहां सर्जन, ईएनटी सर्जन, ऑर्थो सर्जन आदि मरीजों को ऑपरेशन की सलाह देते है। ऑपरेशन के लिए जिला अस्पताल में सिर्फ एक आपरेशन थियेटर है। इससे यहां पर मरीजों को ऑपरेशन के लिए इंतजार करना पड़ रहा है।
हाल यह है कि चिकित्सकों को भी अपनी बारी का इंतजार करना होता है। ऑपरेशन थियेटर की कमी के कारण मरीजों का ऑपरेशन नहीं हो पा रहे है। अस्पताल प्रशासन निर्माण कार्य होने के कारण समस्या की बात कह रहे है।
इस प्रकार हो रहे ऑपरेशन (माह नवंबर )
मोतियाबिंद ऑपरेशन - 64
मेजर ऑपरेशन जनरल सर्जरी - 85
माइनर ऑपरेशन जनरल सर्जरी - 60
मेजर ऑपरेशन ऑर्थो -02
माइनर ऑपरेशन ऑर्थो -19
मेजर ऑपरेशन ईएनटी -02
माइनर ऑपरेशन ईएनटी -05
डेंटल ऑपरेशन -33
मेजर ऑपरेशन -153
माइनर ऑपरेशन -343
----------------------------------------
निर्माण कार्य के कारण आ रही समस्या
अस्पताल परिसर में निर्माण कार्य चल रहा है। इस कारण आपरेशन थियेटर की वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। निर्माण कार्य पूर्ण होने पर इस समस्या का निदान हो जाएगा। - डॉ. जेएन तिवारी सीएमएस, जिला अस्पताल