हरदोई। विकास खंड शाहाबाद के रामपुर हृदय गांव में शुक्रवार को सीडीओ ने चौपाल लगाकर समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने क्षतिग्रस्त मार्ग, नाली और जलभराव की समस्या को उठाया। सीडीओ ने एक सप्ताह में नाली-खड़ंजा बनवा कर फोटो सहित रिपोर्ट देने के निर्देश बीडीओ को दिए हैं।
सीडीओ सौम्या गुरूरानी को ग्रामीणों ने बंदरों की समस्या की भी जानकारी दी। इस पर डीएफओ को बंदरों को पकड़वाने के लिए आदेश किए। चौपाल में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण में नवीन सर्वे के संबंध में सीडीओ ने ग्रामीणों को जानकारी दी और पात्र लोगों के नाम जुड़वाने के लिए कहा। इसके बाद उन्होंने कोड़रा सरैंया के पशु आश्रय स्थल का निरीक्षण किया। इसमें 310 मवेशी संरक्षित पाए लेकिन, कई मवेशियों के कान में टैग न लगे होने पर उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. रघुवीर सिंह से नाराजगी जाहिर की।
शत-प्रतिशत मवेशियों की टैगिंग के लिए कहा। संचालन में लापरवाही के लिए पंचायत सचिव देशराज गौड़ से नाराजगी जाहिर की और व्यवस्था दुरुस्त कराने के लिए कहा। आरआरसी में वाशिंग यूनिट, वर्मी कंपोस्ट का रखरखाव ठीक से न होने और घर-घर कूड़ा लिए जाने का काम न होने पर बीडीओ को प्रतिदिन इसका संचालन कराने के लिए कहा। बीडीओ काजल, एडीओ जितेंद्र सिंह, पंचायत सचिव कमल तिवारी, रामपुर हृदय के प्रधान मनीराम और कोड़रा सरैंया प्रधान राधादेवी आदि मौजूद रहीं।