सांडी (हरदोई)। सांडी नगर पालिका क्षेत्र में बन रहे एक नाले के निर्माण में पीला ईंट का इस्तेमाल होने का वीडियो वायरल होने के बाद ईंटें बदल दी गई हैं। अधिशासी अधिकारी ने नगर पालिका के अवर अभियंता से मौके पर जाकर जांच करने को कहा, लेकिन अवर अभियंता गए ही नहीं। इसी बीच खराब ईंटों को बदल दिया गया।
नगर पालिका सांडी कस्बे में मंडी समिति से अलियापुर संपर्क मार्ग तक लगभग दो किलोमीटर लंबे नाले का निर्माण करा रही है। निर्माण कार्य में नाले की फर्श में रोड़ी के बाद पीला ईंट बिछाए जाने का वीडियो वायरल हो गया।
इसके बाद नगर पालिका अध्यक्ष रामजी गुप्ता ने ईओ जेपी यादव से मामले की जांच करने के लिए कहा। लोगों का आरोप है अवर अभियंता ने ठेकेदार को फोन कर ईंट बदलने के निर्देश दे दिए, लेकिन मौके पर नहीं पहुंचे।
इस संबंध में अधिशासी अधिकारी जेपी यादव ने बताया कि संंबंधित नाले के निर्माण में इस्तेमाल हुई सामग्री को लेकर जांच रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने दावा किया कि वह खुद मौके पर गए थे। इसके अलावा अवर अभियंता गौरव शुक्ला ने बताया कि ईंट का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा है। खराब पाए जाने पर ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।