हरदोई जिले के भरावन क्षेत्र में अतरौली चौराहे के निकट शनिवार सुबह साढ़े पांच बजे भारी वाहन युवक को रौंदता हुआ निकल गया। शव की पहचान नहीं हो सकी है, जबकि 100 मीटर पर पिकेट ड्यूटी में पुलिस मौजूद थी। फिर भी चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
लोगों के मुताबिक अतरौली चौराहा के निकट संडीला रोड पर मुख्य चौराहे पर किसी वाहन ने एक 26 वर्षीय अज्ञात युवक को रौंद दिया। सिर से पहिया निकलने के कारण चेहरा पूरी तरह से क्षत-विक्षत हो गया। इस कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी।
घटना के बाद लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने पिकेट ड्यूटी में मौजूद पुलिस को घटना की जानकारी दी। कोतवाल आनंद नरायन त्रिपाठी ने बताया कि चुरईखेड़ा निवासी चौकीदार अनिल कुमार की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।