हरदोई। ससुराल से घर जा रहे युवक की बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। मौके पर बाइक सवार युवक की मौत हो गई।
बघौली थाना क्षेत्र के विराजीखेड़ा निवासी पप्पू (28) खेती करता था। उसकी ससुराल थाना क्षेत्र के गौरपुर गांव में है। रविवार को पप्पू के चाचा सुंदर लाल गौरपुर गए थे। रविवार की शाम पप्पू उन्हें लेने के लिए बाइक से गौरपुर गया था, लेकिन सुंदरलाल ने एक दो दिन बाद वापस घर जाने की बात कही। इस पर पप्पू बाइक से गांव लौट रहा था। बैसपुर गांव के पास उसकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। मौके पर ही पप्पू की मौत हो गई। मौके पर हेलमेट नहीं मिला है। उसके परिवार में पत्नी शांती, दो पुत्र और एक पुत्री है। बघौली थानाध्यक्ष विवेक वर्मा ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।