हरदोई। शहर में रविवार की देर रात तेज रफ्तार कार ने दो अलग अलग स्थानों पर छह लोगों को टक्कर मार दी। घटना में पांच लोग बाल बाल बच गए, जबकि एक की हालत गंभीर है। घटना के बाद चालक कार समेत मौके से फरार हो गया।
टड़ियावां थाना क्षेत्र के मोहनी गांव निवासी रामपाल वर्मा (48) रविवार की देर रात में कोतवाली शहर क्षेत्र में मन्नापुरवा के पास पैदल सड़क के किनारे जा रहा था। इसी बीच लखनऊ की ओर से तेज रफ्तार में आई कार ने टक्कर मार दी। घटना में रामपाल घायल हो गया। घटना की सूचना पाकर शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। घायल रामपाल को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। जहां पर डॉक्टर ने हालत नाजुक देखकर लखनऊ रेफर कर दिया। बाद में इसी कार ने शहर में रोडवेज बस अड्डे के निकट सड़क किनारे खड़े बिलग्राम चुंगी निवासी अवधेश शुक्ला व गोद में उनके दो साल के पुत्र कुश, पास ही में खड़े पवन मिश्रा (25),खशबू वर्मा (22) व साथ में तीन वर्षीय पुत्र रौनक को टक्कर मार दी और मौके से भाग निकला। इन सभी को हल्की चोटें आने से प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। शहर कोतवाल संजय पांडेय ने बताया कार का पता लगाया जा रहा है।