संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान में गांवों में तैनात सफाई कर्मियों की ओर से काम में बरती गई लापरवाही पर दो सफाई कर्मियों को डीपीआरओ ने निलंबित कर दिया है। एक अन्य से जलवाब-तलब किया है।
डीपीआरओ विनय कुमार सिंह ने बताया कि एक अक्तूबर से विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जा रहा है। गांवों में नालियों, झाड़ियों की साफ-सफाई के साथ ही कीटनाशक दवाओं के छिड़काव की व्यवस्था दी गई है। बताया कि शाहाबाद के परियल में तैनात सफाई कर्मी नरेंद्र प्रकाश को संचारी रोग नियंत्रण अभियान में लापरवाही पर निलंबित किया गया है।
निलंबन अवधि में सफाई कर्मी नरेंद्र प्रकाश को ब्लॉक बावन से संबद्ध किया गया है। बावन के सहायक विकास अधिकारी पंचायत को जांच अधिकारी नामित किया गया है। टड़ियावां के बरगदिया के सफाई कर्मी सौरभ कुमार को काम में लापरवाही पर निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में सौरभ कुमार को विकास खंड संडीला से संबद्ध किया गया है। संडीला के सहायक विकास अधिकारी को जांच अधिकारी नामित किया गया है। हरियावां के कोरिगवां की सफाई कर्मी प्रतिभा मिश्रा से जवाब-तलब किया गया है।