हरियावां (हरदोई)। कस्बा के बाजार में लगे एलटी लाइन के दो खंभे टूट गए। इससे 40 घरों की बिजली गुल हो गई। विभाग 24 घंटे बाद भी आपूर्ति बहाल नहीं कर सका। बिजली न आने से लोग गर्मी में बेहाल हो रहे हैं।
विद्युत उपकेंद्र के टाउन फीडर के तहत बाजार के पास रखे ट्रांसफॉर्मर के निकट ही एलटी लाइन के खंभे लगे हुए हैं। इससे क्षेत्र के उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति की जाती है। बृहस्पतिवार को तेज हवा के कारण एलटी लाइन के दो खंभे टूट गए। इसके बाद से इस ट्रांसफार्मर से जुड़े 40 घरों की बिजली गुल हो गई।
पूरी रात बिजली गुल होने से लोगों को जागकर रात काटनी पड़ी। वहीं गर्मी के कारण लोगों को समस्या हो रही है। विद्युत पोल के टूटने की जानकारी उपकेंद्र पर दी गई। उसके बाद कर्मचारी सक्रिय हुए और लाइन बनाने का प्रयास कर रहे थे, मगर 24 घंटे बाद भी बिजली बहाल नहीं हो सकी थी। अवर अभियंता बालमुकुंद ने बताया कि लाइन को सही कराया जा रहा है।