संडीला। औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक डेयरी संचालक से रंगदारी मांगने के आरोप में भाजपा जिला उपाध्यक्ष समेत दो लोगों को नामजद करते हुए पांच छह अज्ञात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर मामला दर्ज किया गया है। इमलियाबाग निवासी प्रदीप गुप्ता ने पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा से मिलकर शिकायत दर्ज कराई थी। इसमें बताया था कि वह औद्योगिक क्षेत्र में डेयरी चलाते हैं। उन्होंने दस मार्च 2024 को अपनी स्कॉपिओ किसान नेता जितेंद्र सिंह उर्फ अंकित को नौ लाख रुपये में बेची थी। जितेंद्र ने दो माह में भुगतान करने की बात कही थी और बाद में रुपये मांगने पर टाल मटोल करते रहे। प्रदीप ने आरोप लगाया कि जितेंद्र सिंह ने जमीन दिलवाने के नाम पर उनसे किस्तों में 85 लाख 68 हजार 300 रुपये भी ले लिए। अब तक 20 लाख रुपये कीमत का ही एक प्लॉट बैनामा कराया है। बाकी जमीन का बैनामा नहीं कराया। आरोप है कि 16 मई को वह अपने तहसील जा रहे थे। आसू तिराहा के पास जितेंद्र सिंह ने भाजपा जिला उपाध्यक्ष महेंद्र सोनी और पांच छह अज्ञात लोगों के साथ मिलकर रोक लिया। आरोप है कि 50 हजार रुपये प्रतिमाह की रंगदारी मांगी। रुपये न देने पर डेयरी बंद करने की धमकी दी। कोतवाल वीरेंद्र पंकज ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उधर भाजपा नेता महेंद्र सोनी ने बताया कि जिस समय की घटना बताई जा रही है उस समय वह अपने शोरूम पर थे। सीसीटीवी फुटेज भी देखे जा सकते हैं। बताया कि छवि खराब करने के लिए कुछ लोग मामले में नाम घसीट रहे हैं।