बेहटागोकुल/टड़ियावां। ग्राम उमरौली निवासी शिवकुमार शुक्ला (68) शास्त्री रविवार की रात 11 बजे तक भजन-कीर्तन किए थे। लौटे तो वे घर में टिनशेड के नीचे लेट गए। रात में तेज बरसात हो रही थी। इसी बीच टिनशेड व दीवार भर-भराकर गिर गई। दीवार के मलबे में शिवकुमार दब गए। करीब दो घंटे बाद लोगों ने शिवकुमार को मलबे से बाहर निकाला लेकिन, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। शिवकुमार की शादी नहीं हुई थी। वह अपने भाई सिद्ध कुमार के पास रहते थे। वहीं, टड़ियावां के भैंसरी गांव निवासी अनुराग की पत्नी आशा देवी (40) सोमवार की सुबह करीब सात बजे घर के अंदर बने शौचालय में शौच के लिए गईं थीं। इसी बीच अचानक कच्ची दीवार गिर गई। इसके मलबे में दबकर आशा देवी घायल हो गईं। परिजन आशा देवी को लेकर सीएचसी टड़ियावां पहुंचे। जहां पर डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। आशा देवी के दो पुत्र व दो पुत्री हैं। आशा देवी का मायका सीतापुर जनपद के संदन थाना क्षेत्र बलरिहया में है। (संवाद)