हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत पुलिस अधीक्षक कार्यालय के पास दो महिला पुलिस कर्मियों की मौजूदगी में एक महिला को सड़क पर घसीटकर ले जाते हुए दो महिला पीआरडी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर एसपी ने दो महिला सिपाहियों को निलंबित कर दिया है। महिला की तहरीर पर दो महिला पीआरडी के खिलाफ रिपोर्ट भी महिला थाने में दर्ज की गई है।
पिहानी कोतवाली क्षेत्र के बूढ़ागांव निवासी प्रमिला कई समस्याओं से परेशान है। मूल रूप से बिहार की रहने वाली है। वह मानसिक रूप से कमजोर भी हो गई है। शनिवार को दिन में लगभग 12 बजे वह पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने बैठी थी। वह आने जाने वाले लोगों के साथ ही पुलिस कर्मियों के लिए भी अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर रही थी।
इसकी जानकारी मिलने पर कुछ महिला पुलिस कर्मी मौके पर गईं और महिला पीआरडी के हवाले कर दिया। महिला पीआरडी उसे घसीटते हुए महिला थाने की तरफ ले गईं। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। एसपी केसी गोस्वामी ने बताया कि पूरे मामले में दो महिला सिपाही माजिदा परवीन और विजयलक्ष्मी को निलंबित किया गया है। पीआरडी मोहिनी द्विवेदी और बबिता के खिलाफ महिला थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है।