हरदोई। कानपुर से बियर की बोतलें ले कर मुरादाबाद जा रहे ट्रक मालिक सेमरा चौराहे पर नो-इंट्री में रोक कर वहीं फुटपाथ पर सो गया। सुबह उसका शव पाया गया। इस मामले में ट्रक चालक ने पुलिस को तहरीर देते हुए सारी जानकारी दी।
बिहार के जहानाबाद थाना बिहाग बसंतपुर निवासी ट्रक ड्राइवर मुकेश कुमार ने शनिवार की सुबह सुरसा पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि रात के तकरीबन दो बजे वह ट्रक ले कर सेमरा चौराहा पहुंचा, वहां नो-इंट्री में ट्रक खड़ा कर दिया। वह और बिहार जिला सीतामणि थाना नानापुर के जेरपुर निवासी ट्रक मालिक मोहम्मद असलम वहीं फुटपाथ पर फट्टा बिछाकर सो गया।
सुबह जब देर तक असलम नहीं जागा,उसने करीब जाकर देखा तो असलम की मौत हो चुकी थी। इसका पता होते ही वहां लोगों की भीड़ लग गई। वहां पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेते हुए उसका पोस्टमार्टम कराया और ट्रक मालिक के घर वालों को सूचना दी। उसने बताया कि शुक्रवार को कानपुर से ट्रक पर बियर की बोतलें लोड करा कर मुरादाबाद के लिए रवाना हुआ था।
इस बारे में कोतवाल ओपी सिंह ने बताया है कि शव के पोस्टमार्टम के बाद उसकी रिपोर्ट आने पर आगे कुछ कहा जा सकता है। उसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।