बिलग्राम। बिलग्राम-कानपुर राजमार्ग पर मंगलवार देर शाम ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। बाइक सवार दादी और पोती की मौत हो गई, जबकि बाइक चालक अस्पताल में भर्ती है। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया।
कोतवाली क्षेत्र के बरगवआं निवासी शिवम कुमार मां संतोष कुमारी (50) और चार वर्षीय बेटी श्वेता के साथ बाइक से बाजार कर गांव लौट रहे थे। शाम करीब 7:30 बजे चांदपुर के पास माधवगंज की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। संतोष कुमारी और शिवम की बेटी श्वेता उछलकर सड़क पर जा गिरी। शिवम भी बाइक समेत गड्ढे में जा गिरे। हादसे में संतोष कुमारी और श्वेता गंभीर रूप से घायल हो गईं।
सूचना पर कोतवाल फूल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर दोनों को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान संतोष कुमारी और श्वेता की मौत हो गई। वहीं, शिवम को इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया है। बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाया था। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।