मल्लावां (हरदोई)। शोहदे से परेशान होकर एक छात्रा ने स्कूल जाना छोड़ दिया है। छात्रा के पिता ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। यह भी बताया है कि स्कूल जाते समय शोहदा तमंचा दिखाकर धमकी देता है।
मल्लावां कोतवाली में एक गांव निवासी पिता ने बुधवार को दी तहरीर में बताया कि उसकी 15 वर्षीय पुत्री एक निजी स्कूल में कक्षा आठ की छात्रा है। ग्राम मोहब्बतपुर निवासी पुनीत सिंह चार-पांच माह से स्कूल जाते समय उसकी पुत्री से आए दिन छेड़छाड़ करता था। साथ ही तमंचे के बल पर उसकी मां व पिता की हत्या करने का डर दिखाकर मोबाइल पर वीडियो कॉल करने का दबाव बनाता था।
उसके आतंक से परेशान छात्रा ने स्कूल जाना छोड़ दिया। यहां तक की पुत्री ने आठवीं कक्षा के पेपर भी नहीं दिए। परिजनों ने किसी तरह पुत्री से पूछा तो डरते हुए उसने पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस ने पीड़ित पिता की तहरीर पर आरोपी युवक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है।
इस संबंध में कोतवाल शेषनाथ सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है और आरोपी युवक की तलाश की जा रही है।