शाहाबाद (हरदोई)। चाइनीज मांझे से प्रशिक्षु फार्मासिस्ट गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती किया गया।
शाहाबाद कस्बे के मोहल्ला गढ़ी खुर्द निवासी शिवम कश्यप (22) प्रशिक्षु फार्मासिस्ट हैं। बुधवार की सुबह वह ड्यूटी पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जा रहा था। बस अड्डे के पास से गुजरते समय अचानक चाइनीज मांझा उसके ऊपर आकर गिरा और गर्दन में लिपट गया। गर्दन से मांझा हटाने की कोशिश में शिवम की अंगुली में भी चोट लग गई।
गर्दन और अंगुली में घाव हो जाने के कारण वह घायल हो गया। उधर, बीते दिनों शाहाबाद सीओ अनुज मिश्रा ने चाइनीज मांझे की बिक्री बंद कराने को लेकर मांझा विक्रेताओं के साथ बैठक की थी। बैठक के अगले दिन कई दुकानों पर पुलिस ने जांच अभियान भी चलाया था, लेकिन नतीजा सिफर ही रहा।
शिवम कश्यप की ओर से अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर पुलिस को दी गई है। कोतवाल राजदेव मिश्रा ने बताया कि घटना की जानकारी है। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)