हरदोई। बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के कुतुवापुर गांव में छत के पास से निकली हाईटेंशन लाइन की चपेट में किसान आ गया। उसे छटपटाता देख पत्नी ने बचाने की कोशिश की तो उसे भी करंट लग गया। घटना में पति की मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से झुलस गई।
कुतुवापुर निवासी शिव शंकर (45) खेती करता था। बृहस्पतिवार रात वह अपनी पत्नी रेखा (42) के साथ छत पर सोने के लिए गया था। उसकी छत से महज दो फिट दूर से हाईटेंशन लाइन निकली है। किसी तरह शिव शंकर का हाथ हाईटेंशन लाइन में छू गया और उसे करंट लग गया। करंट लगने से शिव शंकर तड़पने लगा। यह देख पत्नी रेखा वहां आई और उसे छुड़ाने की कोशिश करने लगी।
इस दौरान रेखा को करंट लग गया। दोनों झटके से छत पर गिर गए। घर में मौजूद अन्य लोग दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलग्राम ले गए। यहां चिकित्सक ने शिव शंकर को मृत घोषित कर दिया, जबकि रेखा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही प्रभारी निरीक्षक नारायण कुशवाहा और विद्युत केंद्र अवर अभियंता विजय कुमार ने मौके पर पहुंचकर जांच की। परिवार में एक पुत्र और दाे पुत्रियां हैं। कोतवाल नारायण कुशवाहा ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।