हरदोई। कुपोषण दूर भगाने के लिए बिलग्राम, माधौगंज और मल्लावां में अभिमुखीकरण कार्यशाला में प्रधानों को जागरूक किया गया। सीडीओ ने ग्राम प्रधानों से कुपोषण को जड़ से खत्म करने के लिए सहयोग मांगा।
विकास खंड बिलग्राम के ब्लाक परिसर में मातृ एवं बाल पोषण विषय पर हुई कार्यशाला में सीडीओ विजय कुमार गुप्ता ने कहा कि पोषण मिशन का कार्य मात्र दायित्व नहीं बल्कि पुण्य स्वरूप है। गर्भवती और शिशुओं को स्वस्थ बनाने में सहायता मिलेगी और बीमारियों की रोकथाम होगी।
डिप्टी सीएमओ डा. समसुल हसन व चिकित्सा अधीक्षक डा. उदयनाथ ने गर्भवती महिलाओं और बच्चों के कुपोषण को रोकने संबंधी जानकारी दी। बीडीओ प्रवीणा शुक्ला, सीडीपीओ बहार आरा जैदी, घनश्याम राय, अनिरुद्ध मिश्रा, खालिद हुसैन, शराफत खां, प्रधान अजीज खां, सुरेंद्र यादव, श्रीपाल, सुशील कुमार आदि मौजूद रहे।
उधर, माधौगंज में विकास खंड सभागार में सीडीओ ने कहा कि गर्भवती महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य की देखभाल कर उन्हें कुपोषण से बचाना सभी की जिम्मेदारी है। गांवों में होने वाली बैठकों में भाग लेकर प्रधानों को सहयोग करें।
सीएचसी अधीक्षक डा. सुशील कुमार ने कहा कि एएनएम गांवों में जाकर बच्चों और महिलाओं की देखभाल करें। प्रधान शहाब्दा कृष्ण पाल सिंह ने पोषाहार और हाटकुक्ड वितरण की नियमित जानकारी दिए जाने की बात कही। इस मौके पर सीडीपीओ प्रभा अस्थाना सहित प्रधान, एएनएम, आशा बहू और कार्यकत्री मौजूद रहीं।