बाघ विशेषज्ञ खोजेंगे बाघ की सटीक लोकेशन
पिहानी। वन विभाग के लिए अबूझ पहेली बना बाघ अब विशेषज्ञों के निशाने पर है। उसकी सटीक लोकेशन जानने के लिए अब बाघ विशेषज्ञ को बुलाया गया है। इससे पहले पिपरी और अंजना गांव के पास उसके पग चिह्न मिले हैं। वन रेंज अधिकारी नीलम मौर्या ने बताया कि बाघ के रुख से लगता है कि वह रास्ता भटक गया है। रेलवे लाइन और नेशनल हाईवे के आसपास उसे जान का भी खतरा है। ताजा निशानों को देखकर लगता है कि वह अभी गन्ने में ही है। अंजना से जुड़े पिहानी क्षेत्र के अन्य गांव में भी गन्ने के सिलसिलेवार खेत हैं। ऐसे में उसकी खोज करना मुश्किल हो रहा है। बाघ की अनुमानित मौजूदगी के आसपास वाले गांवों में ग्रामीणों को सतर्क कर दिया गया है। (संवाद)