हरदोई जिले में सोमवार देर रात अलग-अलग हुए सड़क हादसों में मां-बेटे समेत तीन लोगों की मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा है।
माधौगंज थाना क्षेत्र के मानीमऊ निवासी रेनू देवी सोमवार शाम अपने पुत्र यश (20) के साथ ऑटो रिक्शा पर सवार होकर कन्नौज जा रही थी।
उन्हें कन्नौज से नई दिल्ली जाना था। रास्ते में मल्लावां कोतवाली क्षेत्र में जरेरा गांव के पास ट्रैक्टर की टक्कर लगने से ऑटो रिक्शा सवार मां-बेटे की मौत हो गई, जबकि ऑटो रिक्शा चालक घायल हो गया। वहीं, दूसरा सड़क हादसा माधौगंज थाना क्षेत्र में हुआ। बिलग्राम कोतवाली के पन्योरा गांव निवासी मोतीलाल का राम जी (17) सोमवार की शाम की पाली में इंटर की परीक्षा देकर बाइक से वापस घर लौट रहा था।
रास्ते में माधौगंज थाना क्षेत्र में तपनौर गांव के पास तेज रफ्तार से अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से रामजी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने 108 एंबुलेंस के माध्यम से सीएचसी भेजा। जहां पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।