संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। शहर के आवास विकास कालोनी में इंटर कालेज के प्रवक्ता के बंद मकान में हुई चोरी का राजफाश पुलिस अब तक नहीं कर पाई है। लगभग तीन माह बीत जाने के बाद भी चोरों के न पकड़े जाने पर प्रवक्ता आए दिन पुलिस अफसरों के कार्यालयों के चक्कर काटता नजर आता है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही घटना का राजफाश कर दिया जाएगा।
जनपद शाहजंहापुर के निगोही निवासी ज्ञानेन्द्र कुमार शहर के रफी अहमद किदवई इंटर काॅलेज में प्रवक्ता हैं। वह परिवार के साथ आवास-विकास कालोनी में अर्चना सिंह पत्नी अरविंद सिंह के मकान में किराए पर रहते हैं। वहीं दूसरी तरफ शिक्षिका आभा पांडेय रहती है। छुट्टी में आभा पांडेय अपने घर गई हुई थी।
13 जून को ज्ञानेन्द्र कुमार भी मकान में ताला डाल कर अपनी ससुराल कानपुर चले गए थे। 21 जून को योग दिवस पर शिक्षिका आभा पांडेय यहां आकर जब मकान पर पहुंची, तो वहां अपने दरवाजे में ताला टूटा हुआ देखा था। पुलिस ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। ज्ञानेंद्र का कहना है कि एएसपी पूर्वी से भी शिकायत की थी। उन्होनें ने अश्वासन दिया है कि जल्द ही खुलासा किया जाएगा। शहर कोतवाल संजय पांडेय ने बताया कि टीम लगातार चोरों की तलाश कर रही है।