मल्लावां। चोरों ने बुधवार की रात में तीन मकानों को खंगाल लिया। तीनों मकानों से 75 हजार की नकदी समेत पांच लाख रुपये के जेवरात चोरी लिए। चोरियों से क्षेत्र के लोगों में दहशत है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव शहाबुद्दीनपुर निवासी विनय कुमार कस्बे में कैंटीन चलाते हैं। वे कैंटीन पर रुकते हैं। उन्होंने बताया कि बुधवार की रात घर में पत्नी व चार वर्ष की बेटी सो रही थी। इसी बीच चोर मकान के पीछे से छत पर चढ़ आए। इसके बाद कमरे में रखे बक्से व अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे 50 हजार रुपये, सोने का हार, एक जोड़ी झाला, एक जोड़ी बाला, एक अंगूठी, नाक की दो बालियां, तीन जोड़ी पायल चोरी कर ले गए।
चोरों ने पड़ोसी भंवरपाल के घर को भी निशाना बनाया। भंवरपाल घर के बाहर बरामदे में सो रहे थे, जबकि अन्य लोग घर में सो रहे थे। दूसरे कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़कर सोने की एक जोड़ी झुमकी, एक लाकेट, नाक की आठ कीलें, तीन जोड़ी चांदी की पायल समेत 15 हजार रुपये चोरी कर ले गए। चोरों ने इसके बाद भंवरपाल के पड़ोसी व भाई रामकुमार के घर में घुसकर लोअर से 10 हजार रुपये व रामकुमार की चारपाई पर रखा मोबाइल चोरी कर लिया। गुरुवार को लोगों को चोरी की जानकारी हुई। रामकुमार की छत पर चोरों की एक टार्च मिला है। पुलिस ने तीनों मकानों की जांच-पड़ताल कर टार्च को कब्जे में ले लिया है। कोतवाल शेषनाथ सिंह ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।
चोरों की दहशत, रात जाग रहे लोग मल्लावां क्षेत्र में पिछले तीन सप्ताह में करीब दर्जन भर चोरी की वारदातें हो चुकी हैं। जब भी चोरों ने वारदात को अंजाम दिया तो एक ही रात में कभी दो मकान तो, कभी तीन मकानों को खंगाला है। हैरानी की बात है पुलिस चोरों का पता नहीं लगा पा रही है। अफसर भी कोई कठोर कदम नहीं उठा पा रहे हैं।