संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। संक्रामक रोगों और मच्छर जनित रोगों की रोकथाम के लिए होने वाली कवायद पूरी तरह कागजी साबित हो रही है। पिछले वर्ष आए मच्छरजनित रोगों के मामलों से कोई सबक न तो स्वास्थ विभाग ने लिया और न ही ग्रामीण इलाकों की जिम्मेदारी उठाने वाले अफसरों ने। नतीजा यह कि गतवर्ष अगस्त में जहां मलेरिया के महज 156 रोगी मिले थे वहीं इस बार 29 अगस्त तक जिले में 335 मलेरिया रोगी मिल चुके हैं।
खास बात यह है कि यह आंकड़ा महज सरकारी पैथालॉजी की जांच में मिले मरीजों का ही है। प्राइवेट पैथालॉजी की बात की जाए तो पैरों के नीचे से जमीन खिसक जाएगी। आम तौर पर बरसात के मौसम में मच्छर जनित रोगों के फैलने का सिलसिला शुरू हो जाता है। यह सिलसिला हर साल चलता है, बावजूद इसके बचाव के लिए कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किए जाते।
इंतजाम के नाम पर कागजी भरपाई की जाती है, जिसका कोई असर हकीकत की जमीन पर नहीं पड़त़ा। ऐसे में न तो लोग जागरूक होते हैं और न ही जिम्मेदार गंभीरता दिखाते हैं। आंकड़े भी जिम्मेदारों की लापरवाही की गवाही देते हैं। वर्ष 2022 की जुलाई में 97 लोग मलेरिया की चपेट में आए थे, लेकिन इस साल 127 लोग जुलाई में मलेरिया की जद में आ गए।
गतवर्ष अगस्त में 156 लोग मलेरिया से पीड़ित हुए थे, जबकि इस वर्ष 29 अगस्त तक 335 लोग मलेरिया से पीड़ित हो चुके हैं। मतलब यह कि गत वर्ष से दोगुने से भी अधिक लोग अगस्त में मलेरिया की चपेट में आ चुके हैं।
गत वर्ष यहां मिले डेंगू और मलेरिया के रोगी
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक गतवर्ष नगर पालिका क्षेत्र के मोहल्ला आलूथोक, आवास विकास कालोनी, महोलिया शिवपार, ऊंचा थोक, धर्मशाला रोड, नघेटारोड क्षेत्र में मलेरिया के अधिक रोगी मिले थे। इन इलाकाें मेंं गत वर्ष डेंगू के भी मरीज मिले थे। ग्रामीण क्षेत्रों में टड़ियावां सीएचसी के अंतर्गत बोझवा, कंचनपुरवा, रुझाई, लालपुर भैंसरी और अहिरोरी सीएचसी के अंतर्गत खाड़ा खेड़ा, सरैंया और हरपालपुर कस्बे में भी मलेरिया व डेंगू के मरीज मिले थे।
पिछले वर्षों में मलेरिया के रोगियों की संख्या
2021 में 715
2022 में 558
2023 में 29 अगस्त तक 318 मलेरिया के रोगी मिले।
-
जिले में यह है डेंगू की स्थिति
वर्ष 2021 में 964 डेंगू के मरीज मिले थे
वर्ष 2022 में 235 डेंगू के मरीज मिले
2023 में अभी तक आठ डेंगू के मरीज मिले हैं। एक जिले स्तर पर मरीज की पुष्टि हुई है मरीजों की लखनऊ स्तर पर पुष्टि हुई थी।
-
ब्लाकों पर भेजा गया 10-10 लीटर एंटी लार्वा
जनपद के सभी ब्लॉक क्षेत्र में मच्छरजनित रोगों और संक्रामक रोगों को रोकने के लिए प्रत्येक ब्लॉक पर 10 लीटर एंटी लार्वा भेजा गया है। इसका छिड़काव कर रोगों की रोकथाम की जा सके।
वर्जन
बुखार पीड़ितों की लगातार जांच कराई जा रही है। जो भी मलेरिया से पीड़ित मिल रहे हैं, उन्हें उपचार दिया जा रहा है। संबंधित क्षेत्रों के अधिशासी अधिकारियों और जिला पंचायत राज अधिकारी को पत्र लिखकर उक्त इलाकों में सफाई व्यवस्था सुदृढ़ कराने के लिए कहा है।
डा. रोहताश कुमार
सीएमओ