सवायजपुर। व्यापार मंंडल अध्यक्ष की दुकान में नकब लगाकर चोर लाखों की स्टेशनरी और नकदी उठा ले गए। घटना से गुस्साए व्यापारियों ने जुलूस निकालकर तहसील में धरना प्रदर्शन कर खुलासे के लिए एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।
मनोज कुमार पांडेय उद्योग व्यापार मंडल सवायजपुर के अध्यक्ष हैं। उनकी कटरा-बिल्हौर हाईवे स्थित मुख्य बाजार में सराफा और किताबों की दुकान है। शुक्रवार की रात चोरों ने नकब लगाकर लाखों रुपये की स्टेशनरी और 50 हजार रुपये की नकदी चुरा ले गए। हालांकि उनकी सराफा की दुकान का चोर ताला नहीं काट पाए।
उन्होंने बताया इससे पूर्व 24 फरवरी को चोरों ने नकब लगाकर लाखों रुपये का सामान और जेवर चुरा लिया था, लेकिन पुलिस ने उस घटना का खुलासा नहीं किया। इससे व्यापारियों में आक्रोश में है। कहा कि घटना का जल्द खुलासा नहीं हुआ तो वह आर-पार की लड़ाई करेंगे। इस दौरान सर्वेश कुमार, प्रदीप सिंह, सुखपाल, हर्षित, बलराम, गगन गुप्ता ललित मिश्रा, सोनू, शिवम, पुष्पेंद्र भी मौजूद रहे। कार्यवाहक कोतवाल विजय शुक्ला ने बताया मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्दी घटना का खुलासा किया जाएगा।
फोरेंसिक टीम ने लिए फिंगर प्रिंट
शनिवार की सुबह भी जिला मुख्यालय से फोरेंसिक टीम बुलाई गई, जो फिंगरप्रिंट के नमूने लेकर अपने साथ ले गई। कोतवाल ने बताया जांच में जो आएगा, उसी के हिसाब से कार्रवाई की जाएगी।