संवाद न्यूज एजेंसी
कोथावां। बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत प्रतापनगर चौराहा पर भारतीय जीवन बीमा निगम के अभिकर्ता के मकान को चोरों ने निशाना बना लिया। छत के रास्ते कमरों में घुसे चोर 42 हजार रुपये और सोने चांदी के जेवर चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी पर फोरेंसिक टीम के साथ पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
प्रतापनगर चौराहा निवासी इच्छाचंद्र गुप्ता का मकान हरदोई रोड पर है। सोमवार रात पूरा परिवार मकान में ही सोया था। रात में किसी समय छत के रास्ते कमरे में घुसे चोरों ने अलमारी का लॉक तोड़कर 42 हजार रुपये, सोने की तीन चेन, सोने की छह अंगूठी, एक जोड़ी झाला, एक जोड़ी झुमकी, तीन लॉकेट, दो जोड़ी पायल, चार जोड़ी बिछिया चोरी कर लिए।
इच्छाचंद्र गुप्ता के मुताबिक जिस कमरे में सभी लोग सो रहे थे, चोरों ने उस कमरे को बाहर से बंद कर दिया। उनका एक पुत्र राम छत पर सोया था। जब चोर चोरी कर वापस जा रहे थे तो आहट मिलने पर राम ने शोर मचाया, लेकिन तब तक चोर फरार हो चुके थे।
घटना की जानकारी पर प्रतापनगर चौकी प्रभारी सुरेंद्र मिश्रा पुलिस टीम के साथ पहुंचे। घटनास्थल से फॉरेंसिक टीम ने भी आवश्यक नमूने लिए। प्रभारी निरीक्षक राजदेव मिश्रा ने बताया कि घटना संज्ञान में है। जल्द ही खुलासा किया जाएगा।