हरपालपुर। थाना क्षेत्र में गुरुवार को गांव के बाहर एक मानसिक रूप से कमजोर युवक का शव फंदे पर लटका मिला। परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया है।
थाना क्षेत्र के ललुआमऊ गांव निवासी प्रशांत (23) ने गांव के बाहर नथानी के खेत में पेड़ से साड़ी का फंदा बनाकर जान दे दी। गुरुवार को ग्रामीण खेतों पर काम करने के लिए गए तो उन्होंने युवक का शव फंदे पर झूलता देखा। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने फंदे से शव को नीचे उतारा और पुलिस को सूचना दिए बगैर अंतिम संस्कार कर दिया है।
परिजनों का कहना है कि युवक मानसिक रूप से कमजोर था। इस वजह से उसने आत्महत्या कर ली। प्रशांत अविवाहित था। वह दो भाई व एक बहन में छोटा था। प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों की तरफ से कोई जानकारी नहीं दी गई है। (संवाद)