संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। पिहानी विकास खंड की ग्राम पंचायत संतरहा में स्थित ग्रामीण स्टेडियम में 16.76 लाख रुपये से कराए गए कार्य 16 माह भी नहीं चल पाए। स्टेडियम के ओपेन जिम में लगे सभी उपकरण खराब हो गए हैं। रनिंग ट्रैक और मैदान भी खराब हो गया है।
पिहानी क्षेत्र पंचायत निधि से वित्तीय वर्ष 2022-23 में युवाओं की मांग को देखते हुए संतरहा में स्थित युवा कल्याण विभाग के स्टेडियम में निर्माण कार्य कराए गए थे। अभिलेखों के मुताबिक 16.76 लाख रुपये खर्च कर स्टेडियम की मरम्मत और जीर्णोंद्धार का कार्य कराया गया। इसके तहत इंटरलॉकिंग, पेंटिंग, टीनशेड के अंदर फर्श, 30 मीटर चहार दीवारी की मरम्मत, पंखे, वायरिंग, बोरिंग सहित वाटरकूलर, हाईमास्ट लाइट, ओपेन जिम, कच्चा रनिंग ट्रैक, मैदान के समतलीकरण और स्पोर्ट्स किट खरीदने का कार्य हुआ था। बीती 21 अगस्त को सीडीओ सौम्या गुरुरानी ने उक्त कार्य का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान स्टेडियम के रख रखाव की स्थिति बेहद खराब मिली। शौचालयों में पानी की आपूर्ति ही नहीं थी। ओपेन जिम के लगभग सभी उपकरण खराब हो रहे थे। टिनशेड में जगह-जगह छेद हो गए हैं। बिजली के स्विच टूटे थे। ट्रेडमिल का प्लग भी टूटा मिला था। सीडीओ ने इस मामले में खंड विकास अधिकारी उदयवीर दुबे को निर्देश दिए थे कि पूरी पत्रावली का परीक्षण करें। कराए गए घटिया कार्य के लिए कार्य प्रभारी और ठेकेदार का उत्तरदायित्व निर्धारित करें। 15 दिन में कार्य मानक के अनुरूप कराने और कार्रवाई से अवगत कराने के निर्देश भी सीडीओ ने दिए थे। बावजूद इसके अब तक न तो मरम्मत का कार्य पूरा हो पाया और न ही ठेकेदार और कार्य प्रभारी पर कोई उत्तरदायित्य निर्धारण हो सका। हालांकि खंड विकास अधिकारी उदयवीर दुबे का कहना है कि कार्य प्रभारी और ठेकेदार के खिलाफ उत्तरदायित्व निर्धारित किया गया है। क्या उत्तरदायित्व निर्धारित हुआ के सवाल पर उन्होंने बताया कि ऐसे तो याद नहीं, लेकिन कार्यालय में फाइल है उसे देखकर ही बता पाएंगे।