- राहगीरों ने ट्रेन आने से पहले किशोर को बचाया
- क्षेत्र में तेजी से वायरल हो रहा वीडियो
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। सोशल मीडिया पर दिल दहला देने वाला एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें एक किशोर को रेल की पटरियों के बीच हाथ-पैर बांधकर बैठा दिया गया। यह वीडियो शहर रेलवे स्टेशन के पास का है। हालांकि ट्रेन आने से पहले राहगीरों ने किशोर को बचा लिया। मामले की पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
सोमवार को सोशल मीडिया पर जो वीडियो वायरल हुआ उसमें एक किशोर को निर्वस्त्र करके रेलवे लाइन पर बैठा दिया गया। उसके हाथ और पैर भी बंधे हैं, ताकि वह ट्रेन को आता देखकर मौके से न भाग सके। इस बीच रेलवे स्टेशन के पास से गुजर रहे लोगों ने ट्रेन आने से पहले किशोर को पटरियों से बाहर निकाल लिया। लोगों को आता देख आरोपी वहां से भाग निकला।
चर्चा है कि शराबी पिता ने नशे की हालत में किशोर के हाथ पैर बांधकर पटरियों के बीच बैठाया। इस संबंध में जीआरपी पुलिस भी जांच करने में जुटी है। वहीं, एसपी पूर्वी नरेंद्र सिंह ने बताया कि इस वायरल वीडियो के बारे में जांच करने के निर्देश दे दिए गए हैं। अभी आरोपी की पहचान नहीं हो सकी है। आरोपी की जानकारी होने पर उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।