संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। सदर बाजार को अतिक्रमण की समस्या से छुटकारा दिलाने और सब्जी विक्रेताओं को सुरक्षित स्थान दिलाने के लिए 70 लाख रुपये से चबूतरे और टिनशेड की व्यवस्था की गई। 200 दुकानदारों को चबूतरों का आवंटन किया गया, लेकिन यह व्यवस्था सब्जी विक्रेताओं को रास नहीं आई और उन्होंने फिर से फुटपाथ पर कब्जा कर लिया है। इससे मुख्य मार्ग संकरा होने से जाम लग रहा है।
सदर बाजार को अतिक्रमण और जाम मुक्त बनाने के नगर पालिका परिषद कार्यालय के पुराने भवन को तुड़वाकर टिनशेड युक्त चबूतरों को बनवाया गया। नगर पालिका परिषद की ओर से चबूतरों का आवंटन भी लाटरी से किया गया। कुछ समय तो यहां सब्जी दुकानें लगीं, लेकिन अब फिर स्थिति पहले जैसी हो गई है।
सब्जी दुकानदारों ने फिर से अपनी-अपनी सब्जी की दुकानों को महात्मा गांधी मार्ग की ओर से छोटा चौराहा से बाजार आने वाले मार्ग और डॉ. रामदत्त मिश्र चौराहा की ओर से आने वाले मुख्यमार्ग पर ही लगानी शुरू की है। दुकानदारों का कहना है कि फुटपाथ पर दुकान लगाने का किराया उनसे वसूला जाता है।
नगर पालिका परिषद की ओर से सदर बाजार में सब्जी मंडी का संचालन कराया जा रहा है। मार्ग किनारे फुटपाथ पर दुकानें लगाए जाने से मार्ग संकरा हो जाता है और लोगों को आवागमन में समस्या का सामना करना पड़ता है। आम लोगों के साथ ही यहां पर दुकानों का संचालन करने वाले व्यापारियों को भी दुकान की सामग्री आदि लाने व ले जाने के लिए भी आवागमन में दिक्कतें होती हैं।
-
टिनशेड में बांधे जाते मवेशी
सदर बाजार में सब्जी मंडी के संचालन के लिए बनवाए गए टिनशेड युक्त चबूतरों पर सब्जी विक्रेता दुकानें तो नहीं लगा रहे हैं, लेकिन यह शेड मवेशियों के काम में जरूर लाए जाने लगे हैं। रविवार को टिनशेड के पोल में ही मवेशियों को बांधा गया था।
-
नालियों की सफाई के लिए कर्मियों को होती दिक्कतें
सदर बाजार में फुटपाथ पर दुकानें लगवाए जाने के एवज में वसूली भी हो रही है। फुटपाथों पर दुकानदारों से होने वाली वसूली की राशि आखिर कहां जाती है, वहीं सफाई कर्मियों को नालियों की सफाई के लिए दिक्कतें होती हैं।
-
कोट-
अतिक्रमण को लेकर नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी से कहा गया है कि वह सदर बाजार में चबूतरे बने होने के बाद भी फुटपाथ पर दुकान लगाने वालों को चिह्नित कर कार्रवाई करें। सब्जी बाजार तय स्थान पर ही लगाई जाए।
- प्रशांत तिवारी, सिटी मजिस्ट्रेट।