हरदाेई। लोकसभा क्षेत्र हरदोई से बेटा ने मां और मिश्रिख में पति ने पत्नी के लिए चुनाव मैदान छोड़ दिया है। दोनों ने ही अपनी-अपनी दोवदारी वापस ले ली है। इसके बाद लोकसभा क्षेत्र हरदोई में 12 और मिश्रिख में नौ प्रत्याशी चुनाव मैदान में रह गए हैं। चुनाव मैदान बचे प्रत्याशियों में से मान्यता प्राप्त राजनीति दलों के प्रत्याशियों को पार्टी के चुनाव-चिह्न और निर्दलीय प्रत्याशियों को उनके तीन-तीन विकल्प में से एक-एक चुनाव-चिह्न निर्वाचन अधिकारियों ने आवंटित किया।
सोमवार को लोकसभा क्षेत्र हरदोई और मिश्रिख के चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया में कलक्ट्रेट में बनाए गए नामांकन कक्षों में निर्वाचन अधिकारियों ने नामवापसी की प्रक्रिया पूरी कराई। लोकसभा क्षेत्र से 13 प्रत्याशियों में से निर्दलीय दावेदारी करने वाले प्रफुल्ल कुमार वर्मा ने नामवापस ले लिया है। इनकी मां ऊषा वर्मा सपा से प्रत्याशी हैं। ऐसे ही लोकसभा क्षेत्र मिश्रिख से निर्दलीय नामांकन करने वाले मनोज कुमार राजवंशी ने नामवापस लिया है। इनकी पत्नी संगीता राजवंशी सपा से चुनाव लड़ रही हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने नामवापसी की पुष्टि की। बताया कि इसके बाद चुनाव मैदान में लोकसभा क्षेत्र हरदोई में 12 और मिश्रिख में नौ प्रत्याशियों को आयोग की व्यवस्था के अनुसार चुनाव-चिह्न प्राप्त कराए गए हैं।
-
लोकसभा क्षेत्रवार अब यह है प्रत्याशियों की संख्या
लोकसभा क्षेत्र हरदोई के निर्वाचन अधिकारी डीएम एमपी सिंह ने बताया कि नामवापसी के बाद चुनाव-चिह्न आवंटन किया गया है। हरदोई क्षेत्र से सपा की ऊषा वर्मा, भाजपा के जय प्रकाश, बसपा के भीमराव अंबेडकर, जस्टिस पार्टी के इंद्रपाल पासी, भारतीय कृषक दल के प्रदीप कुमार, लोक जन संघर्ष पार्टी के ब्रह्मा प्रसाद, नारी नर रक्षक पार्टी के मुन्ना लाल, पीपल्स पार्टी ऑफ इंडिया डेमोक्रेटिक के श्याम कुमार, निर्दलीय अवधेश कुमार, ओम प्रकाश, शिव कुमार और सुनील कुमार वर्मा प्रत्याशी हैं।
लोकसभा क्षेत्र मिश्रिख की निर्वाचन अधिकारी सीडीओ सौम्या गुरूरानी ने बताया कि नामवापसी के बाद चुनाव-चिह्न आवंटन कर दिया गया है। मिश्रिख क्षेत्र में भाजपा से अशोक कुमार रावत, बसपा से बीआर अहिरवार, सपा से संगीता राजवंशी, भारतीय शक्ति चेतना पार्टी के ललित कुमार, नारी नर रक्षक पार्टी की वंदना वर्मा, राष्ट्रीय जनशक्ति समाज पार्टी की सावित्री देवी, निर्दलीय अवधेश, नीलम सिंह और रामपाल प्रत्याशी हैं।
-
एक-एक बैलेट यूनिट से ही हो जाएगा मतदान
लोकसभा चुनाव में वैसे भी नामांकन के समय ही लोकसभा क्षेत्र हरदोई में अधिकतम प्रत्याशी 13 ही थे जबकि, इवीएम की एक बैलेट यूनिट में 16 बटन ही दिए गए हैं। इसमें से 16वीं बटन नोटा (नन ऑफ द अबब-इनमें से कोई भी नहीं) की होती है। लोकसभा क्षेत्र हरदोई में 13 और मिश्रिख में नौ प्रत्याशी होने से मतदान केंद्रों पर एक-एक ही बैलेट यूनिट से काम चल जाएगा।
नमूना मतपत्र तैयार कराकर प्रिंटिंग के लिए भेजा गया
मतदान के लिए प्रयोग में लाए जाने के लिए लोकसभा क्षेत्र हरदोई और मिश्रिख के प्रत्याशियों का नमूना मतपत्र सोमवार को ही तैयार कराते हुए प्रिटिंग के लिए निर्वाचन अधिकारियों ने भेज दिया। इवीएम के साथ ही पोस्टल बैलेट और टेंडर वोट के समय मतपत्र की आवश्यकता के दृष्टिगत मतपत्रों की छपाई कराई जा रही है। यह काम 24 घंटे के अंदर पूरा कराया जाएगा। मंगलवार की शाम तक मतपत्र यहां पर मंगवा लिए जाएंगे। मतपत्रों को कोषागार के डबल लॉक में रखवाया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी एमपी सिंह ने बताया कि आयोग की व्यवस्थानुसार सभी काम समय से ही कराए जाएंगे।
जस्टिस पार्टी प्रत्याशी की तबीयत बिगड़ी, भर्ती कराए गए
सोमवार को नामवापसी की प्रक्रिया के बाद मैदान में बचे प्रत्याशियों को चुनाव-चिह्न का आवंटन हो रहा था। लोकसभा क्षेत्र हरदोई से जस्टिस पार्टी प्रत्याशी राजबरेली के दिकतन खेड़ा निवासी इंद्रपाल पासी चुनाव-चिह्न लेने आए। कलक्ट्रेट में इनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई। आनन-फानन में इंद्रपाल पासी को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज भिजवाया गया। चिकित्सकों ने परीक्षण किया और रक्तचाप कम मिला। इससे तबीयत बिगड़ी। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद तबीयत में कुछ सुधार होने पर इंद्रपाल पासी ने जिलाधिकारी न्यायालय आकर चुनाव-चिह्न प्राप्त किया।