कछौना (हरदोई)। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बालामऊ जंक्शन काे शामिल कर लिया गया है। इससे स्टेशन का स्वरूप बदलेगा। रेल अधिकारियों ने शनिवार को स्टेशन पर पहुंच कर निर्माण कार्य के संबंध में जानकारी ली। योजना का शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से वर्चुअल किया जाएगा।
योजना के लिए रेलवे की ओर से 25 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है। इससे यात्रियों को सुरक्षित बेहतर यात्रा के लिए आधुनिक सुविधाएं, सामुदायिक शौचालय, दिव्यांगजनों के लिए शौचालय, फुट ओवरब्रिज, सीसीटीवी कैमरा, शुद्ध पेयजल, आधुनिक पुस्तकालय, स्वास्थ्य सेवाओं के लिए अच्छा अस्पताल, सुरक्षा के लिए जीआरपी, आरपीएफ भवनों का कायाकल्प होगा।
इसके अलावा उच्च क्वालिटी की वाई-फाई सुविधा, विश्राम कक्ष, प्रतीक्षालय, बैठने के लिए बेंच, कुर्सियां, गुणवत्ता पर कैंटीन आदि व्यवस्था की जाएगी। पुराने आवासीय भवनों को तोड़कर कर पार्किंग, वाहन स्टैंड बनाया जाएगा। शनिवार को रेल अधिकारियों ने स्टेशन का निरीक्षण किया और शिलान्यास की तैयारी का जायजा लिया।