हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र में सवारी बन कर बैठे बदमाशों ने चालक को चाकू मारकर उसका ई-रिक्शा लूट लिया। चालक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला प्रेम नगर बिलग्राम चुंगी निवासी आदित्य प्रताप शुक्ला ने बताया कि वह ई-रिक्शा चलाकर अपना और परिवार का भरण-पोषण करता है। मंगलवार की दोपहर को बड़े चौराहे पर वह ई-रिक्शा लिए खड़ा था। तीन लोग आए और रद्देपुरवा रोड पर चलने की बात कह कर ई-रिक्शा पर बैठ गए। वह उनको रद्देपुरवा रोड पर लिए जा रहे था। बताया कि जैसे ही वह सुनसान जगह पर पहुंचे तो उस पर चाकू से हमला कर घायल कर दिया। उसका ही ई रिक्शा लेकर भाग गए। घायल चालक के विषय में पुलिस को आसपास के लोगों ने सूचना दी। पुलिस ने घायल चालक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। अपर पुलिस अधीक्षक नृपेंद्र ने भी मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही घटना का खुलासा किया जाएगा।