हरियावां। ईंट भट्ठे पर मजदूरी करने गए सगे भाइयों को कश्मीर में भट्ठा मालिक ने बंधक बना लिया। सगे भाई वापस गांव आना चाहते हैं, लेकिन भट्ठा मालिक आने नहीं दे रहा। भट्ठा मालिक का कहना है कि तीन लाख चालीस हजार रुपये ठेकेदार को देकर दोनों को लाए हैं, इसलिए जाने नहीं देंगे।
टड़ियावां थाना क्षेत्र के अलीशाबाद निवासी फरजाना ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि हरियावां थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी शख्स ने उसके पति अब्दुल रज्जाक और देवर शरूब को ईंट भट्ठे पर मजदूरी करने का काम बताया था। मजदूरी करने के लिए पति और देवर को कश्मीर भेज दिया। आरोप है कि ठेकेदार ने ईंट भट्ठा मालिक से पति और देवर की मजदूरी के एवज में तीन लाख 40 हजार रुपये ले लिए। पति और देवर दिवाली पर घर आना चाहते हैं, लेकिन भट्ठा मालिक आने नहीं दे रहे। भट्ठा मालिक का कहना है कि दोनों के बदले तीन लाख 40 हजार रुपये ठेकेदार को दिए हैं इसलिए जाने नहीं देंगे। थानाध्यक्ष विवेक वर्मा ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द कार्रवाई की जाएगी।