बिलग्राम। कस्बे के रफियतगंज निवासी चूड़ी विक्रेता का शव संदिग्ध हालात में शुक्रवार सुबह छिबरामऊ गांव में एक ट्रांसफार्मर के पास पड़ा मिला। शव मिलने की जानकारी से मृतक के घर में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
छिबरामऊ गांव में शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने ट्रांसफार्मर के पास एक शव पड़ा देखा। इसकी सूचना गांव में फैलते ही मौके पर भीड़ जमा हो गई। कुछ लोगों ने शव को देख कर उसकी पहचान रफैयत गंज निवासी शाहिद (40) के तौर पर की।
इसके बाद शव मिलने की सूचना उसके घर दी गई। इस पर शाहिद की मां अख्तरी बेगम व भाई मौके पर पहुंचे। मां ने पुलिस को सूचना दी। बताया कि उनका पुत्र शाहिद छिबरामऊ गांव में चूड़ी की दुकान चलता था। इस कारण से रोज घर नहीं आता था, रात को वह वहीं दुकान में रुक जाया करता था।
कोतवाल फूल सिंह ने बताया कि ट्रांसफार्मर के निकट शव पड़ा होने के कारण संदेह है कि युवक की मौत ट्रांसफार्मर में करंट आने से हुई होगी या फिर और कोई और वजह है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
10 दिन पूर्व ठेका कर्मी का मिला था शव
मोहल्ला मलकंठ निवासी ठेका सफाई कर्मी रोहित का शव करीब 13 दिसंबर को पुलिस को पड़ा मिला था। इसकी जांच अभी चल रही है। इस बीच शाहिद का शव भी संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला है। इससे कई प्रकार के कयास लगाए जा रहे हैं।