हरदोई। सुरसा थाना क्षेत्र के पड़रिया गांव में शौच के लिए गया किसान पैर फिसलने से तालाब में गिर गया। पानी में डूबकर उसकी मौत हो गई।
सुरसा थाना क्षेत्र के पड़रिया गांव निवासी मलिखे (37) खेती करता था। शुक्रवार तड़के वह शौच के लिए गांव के बाहर स्थित एक तालाब के किनारे गया था। शुक्रवार सुबह उधर से निकले ग्रामीणों ने मलिखे का शव तालाब में उतराता देखा, तो सूचना परिजनों को दी।
बड़ा भाई सुरेश मौके पर पहुंचा, तो शव देखकर बिलख पड़ा। सुरेश ने बताया कि रोज की तरह मलिखे शौच जाने के लिए निकला था। आशंका है कि पैर फिसलने के कारण तालाब में गिर गया। तैरना नहीं आता था इसलिए डूबकर मौत हो गई।
परिवार में पत्नी, एक पुत्री और तीन पुत्र हैं। प्रभारी निरीक्षक इंद्रेश यादव ने बताया कि घटना को लेकर परिजनों ने कोई आरोप नहीं लगाए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।