टोडरपुर। कोतवाली शाहाबाद क्षेत्र के ग्राम खुमारीपुर गांव के बाहर खेत में लगे कटीले तारों में करंट होने की वजह से दो लोग झुलस गए। इसमें एक अधेड़ की इलाज के दौरान मौत हो गई। दूसरे का इलाज चल रहा है। परिजनों ने खेत मालिक पर तारों पर बिजली करंट दौड़ाने का आरोप लगाया है।
खुमारीपुर निवासी श्रीपाल (57) बुधवार की सुबह पांच बजे घर से शौच करने के लिए गांव के बाहर परशुराम के खेत की ओर जा रहा था। वह जैसे ही खेत से निकलने के लिए कंटीले तारों के पास पहुंचा। अचानक वह तारों से चिपक गया। यह देख कर परिवार का नवल किशोर (25) उसे बचाने पहुंचा। इससे वह भी कंटीले तारों से चिपककर झुलस गया। खेत में मौजूद लोगों के शोर मचाने पर बिजली सप्लाई कटने पर दोनों को तारो से छुड़ाया गया। परिजन दोनों को जिला अस्पताल शाहजहांपुर ले गए, जहां डॉक्टर ने श्रीपाल को मृत घोषित कर दिया। वहीं नवल किशोर का इलाज चल रहा है।
मृतक के भतीजे वेदराम का आरोप है कि खेत मालिक ने गांव से सटे खेत की रखवाली के लिए ब्लेड युक्त तारों को लगा रखे है। वहीं पास में खड़े बिजली के खंम़्भे से बिजली का तार कटीले तारों से जोड़ देता है। जिससे रात में खेत के चारों ओर लगे तारों पर करंट बना रहता है। कोतवाल धर्मदास ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।