अखिलेश के एक्सप्रेसवे में गाड़ी अंदर चली गई थी, अब वाहन भर रहे फर्राटा
- श्रम मंत्री अनिल राजभर ने साधा सपा मुखिया पर निशाना
- सुभासपा अध्यक्ष को माफियाओं का संरक्षक बताया
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। श्रम मंत्री अनिल राजभर ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के पुल में दरार आने के संबंध में किए गए ट्वीट पर पलटवार किया है। बुधवार को सामूहिक विवाह समारोह में पहुंचे मंत्री ने कहा कि सरकार के अच्छे कार्यों का विरोध करना अखिलेश यादव ने फैशन बना लिया है। उनके एक्सप्रेसवे में गाड़ी अंदर चली गई थी, अब एक्सप्रेसवे पर वाहन फर्राटा भर रहे हैं।
गरीब कन्याओं की शादी समारोह में अनिल राजभर ने कहा कि बुंदेलखंड देश का पिछड़ा इलाका माना जाता था। आज यूपी सरकार इसे तेजी से विकसित करने का काम कर रही है। विपक्ष की नकारात्मक बात करने की आदत बन गई है। वह सकारात्मक बात नहीं कर सकते हैं। उन्होंने अखिलेश के 10 करोड़ के बयान पर कहा जनभावनाओं का आदर करें। वहीं सुभासपा अध्यक्ष ओपी राजभर पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्तार अंसारी के लड़के को विधायक बनाने के लिए उन्हें आम जनता के सामने आना चाहिए। ओपी राजभर माफियाओं के संरक्षक हैं।