सांडी (हरदोई)। मूंगफली की फसल में पानी लगाकर घर लौट रहे किसान को सांड ने रास्ते में पटक पटककर मार डाला। हादसे के बाद से छुट्टा मवेशियों को लेकर कस्बे के लोगों में भय व्याप्त है। इससे पूर्व भी कई लोग सांड़ के हमले से चुटहिल हो चुके हैं।
थाना क्षेत्र के ग्राम वेहटी चिरागपुर निवासी अजयपाल (56) किसान थे। अजय मंगलवार की रात दो बजे खेत में बोई मूंगफली की फसल में पानी लगाकर घर लौट रहे थे। रास्ते में मुख्य चौराहे के पास अचानक सांड ने हमला बोल दिया। चीख पुकार सुनकर घरों से लोग दौड़ पड़े। उनका कहना है कि सांड ने अपनी सींग में अजय की गर्दन में फंसा ली थी। इसके बाद सांड़ ने किसान को पटक पटककर मार डाला। जब तक लोग सांड़ को भगाते तब तक अजय की मौत हो चुकी थी।
अजय के दो बेटियां और एक बेटा है। सांड़ के आतंक से आसपास के लोग भयभीत हैं। इससे पहले भी कई लोगों पर आवारा मवेशी हमले कर चुके हैं। थानाध्यक्ष राजदेव मिश्रा ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।