पिहानी। पिहानी कोतवाली क्षेत्र के अहेमी गांव में बकाया कर्ज की वसूली के लिए गई आर्यावर्त ग्रामीण बैंक की टीम को बकायेदार और उसके परिजनों ने मारपीट कर बंधक बना लिया। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने टीम में शामिल सदस्यों को छुड़ाया। पुलिस ने बकायेदार और परिजनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
पुलिस को दी तहरीर में आर्यावर्त ग्रामीण बैंक की भद्योरा शाखा के सहायक प्रबंधक अभिषेक गुहा ने बताया कि क्षेत्रीय कार्यालय के आदेश पर वह मंसूरनगर शाखा के प्रबंधक अमित कुमार और बैंक मित्र अनिल कुमार के साथ ऋण वसूली के लिए अहेमी गए थे। इसी दौरान अगम सिंह से बकाया एक लाख 13 हजार 307 रुपये जमा करने को कहा गया। इसी दौरान अगम ने अपने परिजनों के साथ उन्हें बंधक बनाकर मारा पीटा और जान से मारने की धमकी दी। किसी तरह उन्होंने यूपी 112 पर घटना की जानकारी दी। पुलिस के पहुंचने पर वह छूट सके। कोतवाल डीडी सिद्धार्थ ने बताया कि आरोपी बकायेदारों और परिजनों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।