हरदोई। सुरसा थाना क्षेत्र में एक किशोरी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया। किशोरी के ननिहाल वालों ने किशोरी के पिता पर ही पिटाई करने का आरोप लगाया है।
थाना क्षेत्र के ग्राम कोडर हुंसियापुर में मोनिका (12) पुत्री मूलचंद्र अपनी मां सविता के साथ गांव के राम भजन के घर रहती थी। करीब 10-12 साल पहले सविता ने पति को चोड़ दिया था। बुधवार को वहां आस-पड़ोस के लोगों ने रामभजन के घर से मोनिका के तेज-तेज चिल्लाने की आवाज सुनी। इसके बाद पता चला कि मोनिका की मौत हो गई।
इस मामले में मोनिका के ननिहाल वालों ने आरोप लगाया कि रामभजन ने उसकी डंडे और बेल्ट से पीट-पीटकर हत्या कर दी। एसएचओ सुरसा ओपी सिंह ने बताया कि किशोरी की बीमारी से मौत हुई है। मारपीट का आरोप लगाया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
-
घर में लटका मिला किशोरी का शव
हरदोई। कोतवाली देहात मन्ना पुरवा निवासी नीरज वर्मा की पुत्री रिया (14) अपनी चाची के साथ जानवरों के लिए चारा लेने खेत गई हुई थी। उसके बाद वह घर लौटी और कमरे में चली गई। वहां से किसी तरह की कोई आहट न होने पर जब घर वालों ने कमरे में झांक कर देखा, तो उसका शव दुपट्टे से लटका हुआ था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कराया। एसएचओ कोतवाली देहात गंगेश शुक्ला ने बताया है कि मामले की जांच की जा रही है। (संवाद)
ट्रेन की चपेट में आकर युवक की मौत
हरदोई। कोतवाली देहात के कोर्रिया निवासी राजेश (28) किसी बात से नाराज होकर घर से बाहर निकल गया। उसके कुछ ही देर बाद उसके घर वालों को पता चला कि गांव के रेलवे ट्रैक पर राजेश का शव पड़ा हुआ है। राजेश की शादी नहीं हुई थी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। (संवाद)