हरदेाई। बिलग्राम कस्बे के मोहल्ला मलकंठ निवासी एक किशोर ने कथित प्रेमिका के परिजनों की पिटाई से आहत होकर जहर खा लिया।
हालत बिगड़ने पर उसे सीएचसी से हायर सेंटर लाया गया। बुधवार आधी रात परिजन उसे फिर से सीएचसी बिलग्राम ले गए, यहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पूरे मामले की जांच के आदेश एसपी ने दिए हैं।
29 जून को संदिग्ध हालात में बिलग्राम कस्बे के मोहल्ला मलकंठ निवासी किशोर (16) को गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलग्राम में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों ने जहर खाए जाने की आशंका में उसे भर्ती किया था। इसके कुछ देर बाद ही मलकंठ स्थित अपने ननिहाल आई फर्रुखाबाद निवासी किशोरी (16) काे भी सीएचसी बिलग्राम लाया गया। उसे भी जहर खाने की आशंका में भर्ती किया गया। किशोरी की हालत खतरे से बाहर होने पर परिजन उसे फर्रुखाबाद ले गए, जबकि किशोर की हालत बिगड़ने पर चिकित्सक ने हायर सेंटर रेफर कर दिया।
परिजनों ने किशोर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया और फिर एक प्राइवेट अस्पताल में उपचार कराया। बुधवार रात उसकी हालत फिर बिगड़ गई तो परिजन उसे सीएचसी बिलग्राम ले गए। यहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। मौत से पहले परिजनों ने किशोर का एक वीडियो बनाया। इसमें किशोर फर्रुखाबाद के रहने वाले कुछ लोग जो कि किशोरी के परिजन हैं पर मारपीट करने का आरोप लगा रहे हैं। इसी से आहत होकर जहर खाने की बात भी सामने आ रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी नृपेंद्र कुमार ने बताया कि प्राथमिक जांच में पता चला कि किशोर और किशोरी के बीच निकटता थी। दोनों ने ही जहर खाया था। मौत से पहले दिए गए किशोर के बयान को लेकर जांच की जा रही है। परिजनों ने फिलहाल कोई तहरीर नहीं दी है।