संवाद न्यूज एजेंसी
हरपालपुर। हरपालपुर क्षेत्र पंचायत के बजट से कराए गए विकास कार्याें की जांच कराने का आदेश दिया गया है। डीएम के निर्देश पर सीडीओ ने जांच के लिए दो सदस्यीय कमेटी गठित की है।
हरपालपुर विकास खंड के टिकैया गांव निवासी विनीत द्विवेदी ने डीएम मंगला प्रसाद सिंह से शिकायत दर्ज कराई कि एक अगस्त 2022 से 14 अगस्त 2023 तक क्षेत्र पंचायत की ओर से कराए गए कार्याें में अनियमितता की गई है। उन्होंने आरोप लगाया था कि 15वें वित्त, राज्य वित्त और मनरेगा से कराए गए कार्याें में गड़बड़ी है।
ब्लाक के मुख्य द्वार से खंड विकास अधिकारी कार्यालय तक पुरानी इंटरलाकिंग के ऊपर मिट्टी डलवाकर नई इंटरलाकिंग कराने का, ब्लाक में शहीद स्मारक स्थल के निर्माण कार्य में अलग अलग एस्टीमेट बनाकर भुगतान करने का आरोप लगाया है।
मनरेगा कार्यालय के सामने पुरानी इंटरलॉकिंग के ऊपर मिट्टी डालकर नई इंटरलाकिंग करने, कार्यालय के पश्चिम तरफ सरकारी हैंडपंप के पास पुरानी इंटरलॉकिंग के ऊपर मिट्टी का कार्य कराने का आरोप है। डीएम के आदेश पर सीडीओ सौम्या गुरुरानी ने भूमि संरक्षण अधिकारी द्वितीय और अधिशासी अभियंता नलकूप खंड काे जांच अधिकारी नामित किया है। सात दिन में स्थलीय सत्यापन कर जांच रिपोर्ट मांगी गई है।